सीएम धामी की दो टूक:कहा- हल्द्वानी में अतिक्रमण है तो हटेगा, कांग्रेस-सपा पर साधा निशान; 2027 का दिया संदेश – Cm Pushkar Singh Dhami Targets Congress-samajwadi Party In Haldwani
हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को एक साथ दो मोर्चे संभाले। पहले मीडिया से बात करते हुए बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले पर बड़ा बयान दिया, फिर विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के मंच से कार्यकर्ताओं में 2027 का जोश भरा।
रेलवे अतिक्रमण पर पूछे गए सवाल पर सीएम धामी ने साफ कहा कि अतिक्रमण है, तो अतिक्रमण मुक्त होना चाहिए ताकि रेलवे का विकास हो सके। हमने अपनी बात पहले ही कोर्ट में पहुंचा दी है, जो भी हमारा पक्ष रखा जाना चाहिए था, वो रख चुके हैं। हम पहले से ही मानते हैं कि जो अतिक्रमण वहां पर है, उसको समाजवादी, कांग्रेस पार्टी जैसी पार्टियों ने अपने तुष्टिकरण के लिए, वोट बैंक के लिए कहीं न कहीं बसाया था। कोर्ट भी उसी दिशा में चल रहा है।
बाद में सीएम ने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है। यह कार्यसमिति आत्ममंथन और नई रणनीति तय करने का मंच है।
भाजपा राष्ट्र सेवा करती है, हमारा लक्ष्य समृद्ध भारत बनाना है। मोदी जी के नेतृत्व में 2014 में नए युग का उदय हुआ है। आतंकवाद के खिलाफ घर में घुसकर मारा है। तीन तलाक को खत्म करना, राम मंदिर का भव्य निर्माण हमारी ऐतिहासिक उपलब्धि है। उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का तेजी से
निर्माण चल रहा है, चारधाम ऑलवेदर रोड, होम स्टे योजना, पर्यटन का विकास, लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और देश में सबसे पहले यूसीसी लागू करने जैसे कई कल्याणकारी काम हमारी सरकार ने किए हैं।
कांग्रेस पर हमला करते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में सिर्फ घोटाले और भ्रष्टाचार किए हैं। कांग्रेस समाज को बांटने का काम करती है। पीएम मोदी ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, उसी लक्ष्य पर हम काम कर रहे हैं। 2027 का लक्ष्य साफ है – फिर से भाजपा को प्रचंड बहुमत से सत्ता में लाना है।