Uttarakhand:बोल्डर गिरे, यमुनोत्री मार्ग पर दो कांवड़िए घायल, टिहरी की 9 सड़कें बंद, एयरपोर्ट के पास ऐसा हाल – Heavy Rain Uttarakhand Yamunotri Route Damaged Two Kanwariyas Injured Tehri Roads Closed Airport Area Flooded
उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंसने, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों के घायल होने, टिहरी में नौ ग्रामीण सड़कों के बंद होने और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती खालों के उफान से हाईवे व रिहायशी इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने और हालात सामान्य करने में जुटे हैं।
देर रात से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हालात बिगड़ गए हैं। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। वहीं, पाली गाड़ के पास हाईवे पर चट्टानी पत्थर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बाल-बाल बच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
टिहरी जिले में 9 सड़कें बाधित मलबा-बोल्डर बने मुसीबत
टिहरी जिले में बीती रात से हो रही झमाझम बारिश के चलते मलबा और बोल्डर गिरने से नौ ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गए हैं। इससे कई गांवों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि बाधित सड़कों को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है। बारिश से रायपुर-कुमाल्डा-कद्दूखाल, घुत्तू-गंगी, गुल्लर-भगवासेरा, गुल्लर-नाई माथियाली, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी, देवप्रयाग-गाजा-जाजल, लालपुल-भुत्सी, रानीचौरी-नकोट और दिवाड़ा-बांगोली-राजराजेश्वरी मंदिर ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित चल रहे हैं। विभागीय टीमों की ओर से मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।
जौलीग्रांट: भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर आया बरसाती खाले का पानी
जौलीग्रांट में देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण थानो वन रेंज का बरसाती खाला उफान पर आ गया। यह खाला भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग के पास जाकर समाप्त होता है। खाले में आए ऊफान के कारण मलवा आकर हाईवे पर जमा हो गया। सुबह तड़के नगर पालिका डोईवाला की टीम द्वारा जेसीबी की मदद से बरसाती खाले के पानी को डाइवर्ट करने का प्रयास किया गया। उधर देहरादून एयरपोर्ट परिसर आ रहे बरसाती नाले का पानी चोर पुलिया के कई घरों में घुस गया। चोर पुलिया निवासी पुष्कर सिंह ने कहा कि हर साल भारी बारिश के कारण उनके और अन्य स्थानों पर काफी पानी घुस जाता है। बीती रात मूसलाधार बारिश के कारण बरसाती खाले ने काफी कटाव किया है। रात उन्होंने किसी तरह जागकर बिताई है। क्षेत्र में देर रात से भारी बारिश जारी है।