Nainital:पांच दिन बाद लापता युवक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र से बरामद, परिजनों ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक – Body Of A Youth Missing For Five Days In Nainital Area Was Recovered From The Broken Mountain Area


नैनीताल में अल्मोड़ा क्षेत्र के युवक दीपक उपाध्याय के लापता होने के मामले में सोमवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। लापता होने के पांच दिन बाद युवक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र से बरामद हुआ है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस ने मामले में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन शुरुआती चार दिनों तक कोई सुराग नहीं लग पाया। इस दौरान पुलिस ने युवक के तीन दोस्तों से भी सख्ती से पूछताछ शुरू की थी।

सोमवार को सर्च अभियान के तहत टूटा पहाड़ क्षेत्र में युवक का शव करीब 80 मीटर गहरी खाई में मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के भाई ने युवक के साथ मौजूद रहे दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और फिर इस तरह शव का मिलना संदेह पैदा करता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। टीम द्वारा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपल कलेक्ट किए जाएंगे, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके। पुलिस  की ओर से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed