विश्व आयुर्वेद दिवस:हरिद्वार में पहले पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का शुभारंभ, सीएम धामी-आज ऐतिहासिक दिन – Cm Dhami Inaugurates First Patanjali Ayurveda Gurukulam In Haridwar On World Ayurveda Day Uttarakhand News
हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पतंजलि वेलनेस योगग्राम में पहले पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन किया। विश्व आयुर्वेद दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में योग गुरु और पतंजलि के संस्थापक स्वामी रामदेव भी मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज का दिन बेहद शुभ है। आज विश्व आयुर्वेद दिवस भी है। उन्होंने कहा कि कि पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम का उद्घाटन भारतीय परंपराओं, आयुर्वेद और योग से जुड़ी विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कहा कि योग को दुनिया और हर घर तक पहुंचाने में जिन लोगों ने प्रयास किए, उनसे प्रेरणा लेकर भारतीय ज्ञान और परंपराओं को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। हमारे पूर्वजों ने जिन परंपराओं और जीवन पद्धतियों को अपनाया, उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद दिवस के अवसर पर धन्वंतरि भगवान की पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित पूजा में उन्होंने प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पतंजलि गुरुकुलम के अनुसार, पतंजलि गुरुकुलम भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध है और यहां पारंपरिक वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है। संस्थान की वेबसाइट पर हरिद्वार गुरुकुलम में कक्षा चार से 12वीं तक की पढ़ाई का उल्लेख है। उद्घाटन कार्यक्रम में भारतीय शिक्षा और आयुर्वेद से जुड़ी परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।