रामनगर:मां गर्जिया मंदिर के टीले को खतरे में डालने पर दो अभियंताओं पर कार्रवाई, सीई ने किया था निरीक्षण – Action Taken Against Two Engineers For Endangering The Mound Of Maa Garjiya Temple


प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर के टीले को बाढ़ और कटाव से बचाने के लिए चल रहे सुरक्षात्मक निर्माण कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। कोसी नदी के किनारे 11.5 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस काम में तय मानकों की अनदेखी कर एक साथ बड़े हिस्से की अत्यधिक खोदाई कर दी गई जिससे टीले की बुनियाद पर खतरा मंडराने लगा। विभाग ने निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने पर सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को तत्काल प्रभाव से कार्य से हटाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कोसी नदी के किनारे करीब 70 फीट ऊंचे टीले पर स्थित गर्जिया देवी मंदिर में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बरसात के दौरान आने वाली बाढ़ और तेज बहाव के कारण टीले के आसपास कटाव की समस्या बनी रहती है। इसी को देखते हुए शासन ने मंदिर के टीले को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए सुरक्षात्मक निर्माण कार्य को स्वीकृति दी थी।

योजना के तहत टीले के चारों ओर सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक बनाए जाने हैं जिससे नदी के बहाव और कटाव से टीले को सुरक्षा मिल सके लेकिन निर्माण कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए खोदाई और सीसी ब्लॉक निर्माण के लिए विशेष तकनीकी मानक निर्धारित किए गए थे। इसके अनुसार, सीमित हिस्से में चरणबद्ध तरीके से खोदाई करने के बाद तत्काल वहां सुरक्षा निर्माण किया जाना था ताकि मिट्टी की पकड़ कमजोर न हो और टीले की स्थिरता बनी रहे लेकिन निर्माण स्थल पर तय क्षमता से अधिक खोदाई किए जाने का मामला सामने आया।

अनियमितताओं और लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों ने सख्त कार्रवाई की है।

शिकायतों के बाद मुख्य अभियंता ने किया था निरीक्षण


निर्माण कार्य में अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मुख्य अभियंता संजय शुक्ला ने बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की स्थिति और खोदाई के तरीके पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने पाया कि संवेदनशील स्थल पर निर्माण कार्य के लिए आवश्यक तैयारियां भी पूरी नहीं थीं। मौके पर खोदाई का काम चल रहा था जबकि सीसी ब्लॉक डालने के लिए कंक्रीट तैयार करने और अन्य जरूरी सामग्री की समुचित व्यवस्था नहीं दिखाई दी।

टीले की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता


गर्जिया मंदिर का टीला धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षात्मक निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में गंभीर समस्या पैदा कर सकती है। क्षमता से अधिक खोदाई के मामले में अभियंताओं को हटाने के निर्देश के बाद अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन और ठेकेदार की जिम्मेदारी को लेकर विभाग की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

गर्जिया मंदिर में मिल रही लापरवाही के मामले में सहायक अभियंता दीप पांडे और कनिष्ठ अभियंता प्रबुद्ध शर्मा को कार्य से हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शनिवार को मंदिर के टीले का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्य में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। – महेश खरे, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed