रुड़की: हफ्तेभर में नई कार ने दिया धोखा, ठीक नहीं करने पर फूटा गुस्सा, शोरूम के बाहर धरने पर बैठा वाहन मालिक – New Car Technical Fault Within A Week Farmer Bku Workers Stage Protest Outside Showroom In Roorkee
पुरकाजी थाना क्षेत्र के बढ़ीवाला गांव निवासी सरदार रणजीत सिंह की नई कार खरीदने के एक सप्ताह के भीतर खराब हो गई। वाहन की मरम्मत नहीं होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रविवार को कार मालिक के साथ मंगलौर-रुड़की मार्ग स्थित शोरूम के बाहर धरना शुरू कर दिया।
सरदार रणजीत सिंह के अनुसार, उन्होंने 25 मई 2026 को मंगलौर-रुड़की मार्ग स्थित शोरूम से नई कार खरीदी थी। खरीदारी के करीब एक सप्ताह बाद ही कार में तकनीकी खराबी आ गई। उन्होंने इसकी शिकायत शोरूम प्रबंधन से की और वाहन को ठीक कराने की मांग की। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद शोरूम के अधिकारी और कर्मचारी समस्या के समाधान में टालमटोल करते रहे।
कार की मरम्मत नहीं होने से परेशान रणजीत सिंह ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद रविवार को संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शोरूम पहुंचे और मुख्य द्वार पर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि नई कार खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उसमें खराबी आना गंभीर मामला है।
ये भी पढे़ं…देहरादून क्राइम: पत्नी को मारी गोली, फिर पुलिस को किया फोन; बोला-मैंने हत्या कर दी, वारदात के बाद पति फरार
उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। किसानों ने मांग की कि वाहन की तकनीकी खराबी को पूरी तरह दूर कर कार सही स्थिति में सौंपी जाए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कार की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान शोरूम प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने के प्रयास किए जाते रहे, लेकिन देर शाम तक धरना समाप्त नहीं हुआ था।