मसूरी:पानीवाला बैंड के पास गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव; क्षतिग्रस्त हिस्से के पास खड़ी मिली कार – Mussoorie Businessman Body Found In Deep Gorge Near Pani Wala Bend Car Found Parked Near Damaged Section
देहरादून-मसूरी मार्ग पर सुबह पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अजय मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।
चमोली: रामणी गांव में मेला मंच की रेलिंग से फंदे पर लटके मिले छात्र और छात्रा के शव, फैली सनसनी
पुलिस को मौके पर सड़क पर एक कार खड़ी मिली। कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ। शव गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि शव को खाई से बाहर निकालकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।