Vikasnagar:कुत्तों को खाना खिलाने पर टिप्पणी से हुआ विवाद, दो समुदायों के युवक आपस मे भिड़े, पुलिस ने खदेड़ा – Vikasnagar News Dispute Over Feeding Dogs Led To A Clash Between Youths From Two Communities
हरबर्टपुर चौक के पास सोमवार देर रात कुत्तों को भोजन खिलाने पर टिप्पणी करने से दो पक्षों में विवाद हो गया। युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में हिंदू और मुस्लिम दोनों ही पक्ष के युवक शामिल थे। मामले ने तूल पकड़ा और हरबर्टपुर चौकी के पास दोनों पक्षों के युवकों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। युवकों ने पुलिसकर्मियों से लाठी छीन कर एक दूसरे के साथ मारपीट की। पुलिस ने लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों को चौकी से खदेड़ा। दोनों पक्षों के चार युवकों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार हरबर्टपुर चौक के पास एक व्यक्ति की चाय की दुकान हैं। दुकान के बाहर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। बजरंग दल से जुड़े कुछ युवक दुकान के बाहर निराश्रित कुत्तों को भोजन दे रहे थे। इस दौरान दुकान के भीतर बैठे एक हिंदू और मुस्लिम युवक ने उन पर गलत टिप्पणी कर दी। इससे नाराज तीन युवक दुकान में घुसे और दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ और अफवाह फैल गई कि हिंदू – मुस्लिम पक्ष में विवाद हुआ है। कुछ ही देर में चौकी के बाहर बड़ी संख्या में चार पहिया और दो पहिया वाहनों से बजरंग दल, अन्य संगठन और मुस्लिम समुदाय के युवक पहुंच गए। दोनों पक्षों के अभिभावक भी मौके पर आए।
इस दौरान बवाल की आशंका के चलते कोतवाली क्षेत्र के आसपास की सभी चौकियों से पुलिस मौके पर बुला ली गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन चौकी के अंदर ही दोनों पक्ष एक दूसरे से हाथापाई करने लगे। पुलिसकर्मियों ने लड़ाई – झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के युवकों को चौकी से बाहर खरीदने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ युवक पुलिसकर्मियों से ही लाठी छीन कर एक दूसरे को पीटने लगे। पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों को मौके से भगाया। कई घंटे तक चौकी के बाहर युवकों की भीड़ जमा रही, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत नहीं दी गई। पुलिस की ओर से चार युवकों के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।