Khatima:फेल छात्रों की कॉपियों की जांच के लिए छत पर चढ़े छात्र नेता, किया हंगामा; पुलिस टीम मौके पर पहुंची – Student Leaders Climbed Onto The Roof To Check The Answer Sheets Of Failed Students In Khatima


खटीमा के हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की कॉपी की दोबारा जांच और प्रोन्नत करने की मांग के लिए छात्रसंघ अध्यक्ष समेत एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कॉलेज छत पर चढ़ कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। प्राचार्य के आश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद छात्र नेता नीचे उतरे।

सोमवार दोपहर करीब 12 छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्र-छात्राओं ने कॉलेज की छत पर पहुंच कर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन किया। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित ने कहा कि पिछले दिनों जारी हुए सेमेस्टर परीक्षा के परीक्षाफल में कॉलेज के लगभग 30 प्रतिशत बच्चे अनुत्तीर्ण हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दो अप्रैल को कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन देकर कॉपियों की दोबारा जांच व अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रोन्नत करने के संबंध में विश्वविद्यालय को पत्र भेजने की मांग की गई थी लेकिन उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके विरोध स्वरूप कॉलेज की छत पर चढ़ कर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इधर, कॉलेज में हंगामे की सूचना मिलने पर खटीमा कोतवाली से पुलिस भी कॉलेज में पहुंच गई।

प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार ने छत पर चढ़े छात्र-छात्राओं से नीचे उतरने का आग्रह किया लेकिन वे मांगों पर अड़े रहे। करीब तीन घंटे तक उनका प्रदर्शन चलता रहा। बाद में प्राचार्य के आश्वासन पर दोपहर करीब तीन बजे छात्रनेता छत से नीचे उतरे। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो काॅलेज में अनशन किया जाएगा। वहां महासंघ सचिव सचिन सामंत, आकाश वर्मा, वंशिका शुक्ला, कृष्णा रस्तोगी, मनीषा, नेहा, किरन, अंजली, पायल, पवन, शानू, ऋतिक आदि थे।

सेमेस्टर परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे विद्यार्थियों की कॉपियों की दोबारा जांच के लिए विश्वविद्यालय को पत्र भेज दिया गया है। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को दोबारा कॉपियों की जांच करवाने के लिए आवेदन करने की भी सुविधा दी गई है। सेमेस्टर परीक्षा में कई बच्चों ने टॉप भी किया है। – डॉ. पंकज कुमार, प्राचार्य, खटीमा डिग्री कॉलेज


 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed