Devprayag:हेमकुंड साहिब यात्रा पर निकले बाइक सवार की बस हादसे में मौत, दूसरा घायल, बदरीनाथ हाईवे पर हुआ हादसा – Hemkund Sahib Pilgrim Killed In Bus Accident On Rishikesh-badrinath Highway, Another Injured
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवमूर्ति के पास बस की चपेट में आने से बाइक सवार तीर्थयात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। देवप्रयाग कोतवाल प्रमोद बहुगुणा ने बताया कि लुधियाना पंजाब से दो बाइक सवार युवक ऋषिकेश की ओर से हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे।
शिवमूर्ति के समीप पहुंचने पर ऋषिकेश से बदरीनाथ की ओर जा रही एक बस की चपेट में आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया । जिससे युवक सीधे बस के टायर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गयी। जबकि दूसरा युवक बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कोतवाल प्रमोद बहुगुणा ने बताया कि मृतक की पहचान बलवीर सिंह 35 वर्ष पुत्र तरलोक सिंह, निवासी सुनेत, लुधियाना के रूप में हुई है। वहीं बाइक से छिटककर घायल हुए दूसरे युवक की पहचान कर्मजीत सिंह 33 वर्ष पुत्र बलवीर सिंह, निवासी भिंड जारखड, लुधियाना के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतक और घायल युवक को बेस अस्पताल श्रीनगर भेज दिया है। पुलिस द्वारा बस को अपने कब्जे में ले कर जांच शुरू कर दी है।