Dehradun:सीएम धामी ने किया क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट व ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन – Cm Dhami Launched Website Of Uttarakhand Kshatriya Kalyan Samiti And The Kshatriya Jagran Souvenir
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट व ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समिति समाज को जागरूक करने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश को नई दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से उन्होंने समाज में बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने व विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी आवश्यक है, ताकि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।