भारी बारिश को लेकर उत्तराखंड में आरेंज अलर्ट, ज़रूरी होने पर ही घरो से निकले, पूर्ण व्यव्स्था के साथ..

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। प्रदेश के कुमाऊं क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। जबकि, देहरादून समेत गढ़वाल के कुछ जिलों में गरज के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग ने इसको लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।
पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। हालांकि, दोपहर बाद चल रही बर्फीली हवाएं कंपकंपी छुटा रही हैं। सुबह-शाम मैदानों में कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। जिससे जनजीवन प्रभावित है। पिछले कुछ दिनों में पारे में मामूली इजाफा हुआ है, लेकिन कई इलाकों में कड़ाके की ठंड जारी है। उधर, कुमाऊं के मुनस्यारी और आसपास के इलाकों में मंगलवार को बादल छाए रहे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्का हिमपात भी हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ बुधवार से उत्तराखंड में सक्रिय हो सकता है। जिसके बाद नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और आसपास के इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। जबकि, देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी में ओले गिरने की आशंका है। इस दौरान तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।