उत्तराखंड:प्रदेश में Sir प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, 9.41 लाख वोटर बाहर, ये हैं अपडेट – Uttarakhand Final Voter List 2026 Sir Completed 71.58 Lakh Voters Including 1.29 Lakh New Electors
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) के बाद उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। आठ जून से शुरू हुए एसआईआर के तहत प्रदेशभर में कुल 9,41,685 वोट काटे गए हैं। जबकि प्री-एसआईआर के दौरान व इससे पहले 4,53,459 वोट काटे गए थे। प्री-एसआईआर और एसआईआर के मिलाकर कुल 13,95,144 वोट कटे हैं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आठ जून को जब एसआईआर शुरू किया गया था, उस वक्त राज्य में 79,60,762 मतदाता थे। 14 जुलाई को जब ड्राफ्ट सूची जारी हुई तो इनमें से 8,26,977 वोट कट गए। 14 जुलाई को प्रदेश में 71,33,785 मतदाता बचे। इसके बाद आपत्तियां दाखिल करने, विसंगतियों की सुनवाई का निस्तारण 14 जुलाई से 28 सितंबर के बीच हुआ, जिसमें 1,04,708 मतदाता और कम हो गए।
इसके बाद बचे 70,29,077 मतदाता। एसआईआर के दौरान 1,29,872 नए मतदाता भी जुड़े। लिहाजा, प्रदेश में अब तीन अक्तूबर को 71,58,949 मतदाता हैं। प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास मौजूद रहे।
सात अक्तूबर से विशेष अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि अब सात अक्तूबर से छूटे हुए मतदाताओं, नए मतदाताओं को शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरने का एक माह का विशेष अभियान शुरू होगा। आवश्यकता के हिसाब से नाइट शेल्टर, श्रमिक, गरीब-बेघर लोगों के लिए पर्याप्त हेल्प डेस्क, विशेष शिविर लगेंगे।