अल्मोड़ा:घर के पास गोबर फेंकने गई नवविवाहिता को वन्यजीव ने उठाया, ग्रामीणों ने ढूंढा तो मिला शव, मचा कोहराम – A Woman Who Went To Throw Cow Dung Near Her House Was Attacked By A Tiger In Almora
सल्ट विकासखंड के डभरा सौराल ग्रामसभा के तोक घोड़ीधार में घर के पास खेत में गोबर फेंकने गई 19 वर्षीय नवविवाहिता को वन्यजीव उठा ले गया। उसका शव जंगल में मिला। इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई कि हमलावर वन्यजीव बाघ था या तेंदुआ। वन विभाग की टीम जांच में जुटी है।
शालिनी नेगी पत्नी रविन्द्र नेगी सोमवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत में गई थी। गोबर फेंकने के बाद काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता सताने लगी। शालिनी की जेठानी उसकी तलाश में खेत पर गई तो वहां हालात अस्त-व्यस्त दिखे। गोबर की डलिया गिरी पड़ी थी। खेत में घसीटे जाने के निशान और खून के छीटे भी गिरे थे। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। घटना के बाद परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शालिनी की तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद महिला का शव गांव से दूर जंगल से मिला।
टवन विभाग घटनास्थल से साक्ष्य जुटा जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीण हमलावर वन्यजीव की शीघ्र पहचान कर उसे पकड़ने, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
महिला का शव जंगल में मिला। घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। उपलब्ध साक्ष्यों, पदचिह्नों एवं अन्य संकेतों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमला किस वन्यजीव ने किया था। मृतका के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
– दीपक सिंह, डीएफओ, अल्मोड़ा वन प्रभाग