Uttarakhand: नए तबादला सीजन में 40 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के नहीं होंगे तबादले, गृह मंत्रालय का अनुरोध – Uttarakhand News No More Than 40,000 Employees Will Be Transferred In The New Transfer Season
एक अप्रैल से शुरू होने जा रहे नए तबादला सीजन में 40 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के शुरुआती दिनों में तबादले नहीं होंगे। गृह मंत्रालय ने जहां जनगणना के दोनों चरणों के दौरान तबादले न करने का अनुरोध किया है तो वहीं अप्रैल में ही चुनाव आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) भी शुरू होगा।
जनगणना : 30 हजार से ज्यादा कर्मचारी लगेंगे
प्रदेश में जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में 25 अप्रैल से 24 मई के बीच मकान सूचीकरण होगा। इसके लिए प्रशिक्षण शुरू हो गया है। हिमाच्छादित क्षेत्रों में सितंबर में जनगणना कराने के बाद अगले साल फरवरी में जनगणना शुरू होगी। इस पूरी प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों के तबादले नहीं होंगे। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित स्टेट लेवल इंपावर्ड कमेटी की बैठक में गृह मंत्रालय का यह अनुरोध जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने रख दिया है। लिहाजा, इन सभी कर्मचारियों का तबादला अप्रैल में नहीं होगा।
ये भी पढ़ें…Uttarakhand Weather News: प्रदेश में एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की संभावना
एसआईआर : बीएलओ समेत 12 हजार कर्मचारी लगेंगे
चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में 11,700 बीएलओ समेत 12 हजार से अधिक अधिकारी, कर्मचारी लगेंगे। इसके लिए आयोग ने अप्रैल माह तय कर दिया है। तिथियों की घोषणा बाकी है। एसआईआर की प्रक्रिया करीब एक माह तक चलेगी। इस दौरान इसमें लगे कर्मचारियों के तबादले नहीं होंगे।