16वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स के 46वें स्थापना दिवस को संबोधित करते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

देहरादून

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज कारगी चौक स्थित एक निजी वेडिंग प्वाइंट में 16वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स के 46वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने वीरांगनाओं और वीर नारियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों को स्थापना दिवस एवं होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गढ़वाल राइफल्स वीरता, अनुशासन और देशभक्ति की मिसाल है तथा उत्तराखंड वीरों और राष्ट्रभक्तों की भूमि है।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सेना में लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य से आते हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सैनिक देश सेवा के बाद सामाजिक क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना एवं राज्य सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट भव्य सैन्य धाम का शीघ्र ही लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए वचनबद्ध है। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री ने आगामी स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में कैप्टन आनंद सिंह राणा, गिरीश चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष देवकिशन पटवाल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कंडारी, महासचिव हरीश चंद्र सकलानी, सूबेदार मेजर ओनरी कैप्टन गणेश सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed