उत्तराखंड एनसीसी कैडेट्स ने आरडीसी–2026 में राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
*‘हर काम देश के नाम’*
*उत्तराखंड एनसीसी कैडेट्स ने आरडीसी–2026 में राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम*
*उत्तराखंड एनसीसी कैडेट्स ने गणतंत्र दिवस शिविर व अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक सहित उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कीं*

देहरादून
एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड के कैडेट्स ने गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी)–2026 एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को गौरवान्वित किया।

1 यूके आर एंड वी स्क्वाड्रन एनसीसी, पंतनगर के सीनियर अंडर ऑफिसर असलम अंसारी ने आरडीसी–2026 के दौरान टेंट पेगिंग (वेटरन्स) में स्वर्ण पदक (अस्ट्राइड – सामान्य ज्ञान श्रेणी) प्राप्त कर अपनी बेहतरीन अश्वारोहण क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इसी स्क्वाड्रन की सार्जेंट लक्ष्मी पासवान ने ड्रेसेज– नोविस गर्ल्स वर्ग में स्वर्ण पदक (अस्ट्राइड – रॉलिंग) जीतकर संतुलन, अनुशासन और उच्च स्तरीय अश्व कौशल का परिचय दिया।

खेल निशानेबाजी में 31 यूके बटालियन एनसीसी, हरिद्वार की कैडेट नैन्सी बघेल ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए 50 मीटर (पीप साइट प्रोन) स्पर्धा में अखिल भारतीय जी.वी. मावलंकर शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।
एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड ने सभी सफल कैडेट्स एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ये उपलब्धियां राष्ट्रीय कैडेट कोर द्वारा विकसित अनुशासन, समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्टता की सशक्त मिसाल हैं, जो राज्य के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को दर्शाती हैं।